कांग्रेस गारंटी के आधार पर चुनाव मैदान में : राजीव शुक्ला

अजमेर। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गारंटी के आधार पर चुनाव मैदान में उतरी है।

शुक्ला ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस जो वादे करती है, उसे पूरा करती है। ठीक इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वादे तो करती है पर पूरा नहीं करती। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में उनकी हार और हमारी जीत का यही आधार रहा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान चुनाव में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ हम जीत रहे हैं। उन्होंन राजस्थान की जनता से अपील की कि चुनाव में कांग्रेस को विजयी बनाये ताकि कांग्रेस की गारंटी का वादा पहले ही दिन से पूरा करना शुरू हो जाए।

शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य में रोज आ रहे हैं, क्या वह मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि गहलोत-पायलट एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों में कोई विवाद नहीं, दोनों साथ हैं।

उन्होंने भाषा इस्तेमाल में गिरते स्तर का ठीकरा भी मोदी पर फोड़ते हुए कहा कि भाषा गिराने का काम स्वयं मोदी कर रहे हैं। गांधी परिवार को गालियां कौन देता है, शुरुआत कौन करता है।

उन्होंने कहा कि वोट के लिए भाजपा भगवान का सहारा लेती है। उन्होंने सवाल किया कि भगवान को कौन नहीं मानता लेकिन भाजपा और उनके नेता भगवान के नाम पर दिखावा करते हैं।

एक सवाल के जवाब में शुक्ला ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की दरें केन्द्र की वजह से बढ़ी हैं। जब क्रूड आयल आधी कीमत पर सरकार को मिल रहा है तो कीमतें क्यों नहीं घटाई जाती। ये काम केन्द्र सरकार का है।