कांग्रेस के लोग भ्रम की राजनीति फैलाने का कर रहे है प्रयास : भजनलाल शर्मा

0

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर लोगों में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह हर विषय पर भ्रम फैलाने का प्रयास करती है और उसके नेता हर योजना में कमी निकालने का काम करते हैं।

शर्मा शुक्रवार को यहां वीबी जी रामजी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाबा साहब डाॅ भीमराव अंबेडकर के विचारों और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की सोच को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के नेता हैं, जो हर योजना में कमी निकालने का काम करते हैं। चाहे वह नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) हो, इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का मुद्दा हो या फिर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर), कांग्रेस हर विषय पर भ्रम फैलाने का प्रयास करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस को जी रामजी नाम से भी आपत्ति है। हमने तो राजस्थान से आरए और मध्यप्रदेश से एम लिया और महत्वपूर्ण परियोजना ईआरसीपी का नाम स्वतः ही राम जल सेतु हो गया। यदि कांग्रेस को राम जी से ही दिक्कत है, तो इसमें हम क्या कर सकते हैं। प्रकृति का नियम है कि जो होना है, वह होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश धीरे-धीरे रामराज्य की ओर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने देश को खोखला करने का काम किया है। वह हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करती आयी है, लेकिन अब ‘मोदी’ का जमाना है। अब न तो भ्रष्टाचार करने दिया जाएगा और न ही भ्रष्टाचार को दबाया जाएगा। कांग्रेस को इस बात का दर्द है कि अब वे भ्रष्टाचार नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भ्रष्टाचार हुआ भी है तो मोदी सरकार उसे बाहर निकाल कर सामने लाएगी।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने में प्रथम स्थान पर है, भ्रम फैलाने में प्रथम स्थान पर है और तुष्टिकरण के आधार पर राजनीति करना चाहती है। इसलिए झूठ का पर्दाफाश करना आज सबसे अधिक आवश्यक है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वीबी जी रामजी जनजागरण अभियान को लेकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचना होगा। लोगों को यह बताना होगा कि मोदी ने 100 नहीं बल्कि 125 दिन का रोजगार दिया है और 15 दिन में मजदूरी की गारंटी दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी डबल इंजन सरकार युवाओं के रोजगार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार ने अब तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी हैं। 1.44 लाख भर्तियां प्रक्रिया में हैं और एक लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हमने पहले ही कह दिया था कि आप पेन और डायरी लेकर बैठ जाएं, हम आपको हर बात का हिसाब देंगे।

पेपर लीक के मामलों पर शर्मा ने कहा कि अब तक 400 लोग जेल में हैं। अब यह तय करना कांग्रेस का काम है कि ये 400 लोग छोटी मछली हैं, या बड़े मगरमच्छ। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरेगी।