कांग्रेस ने किया संविधान का सबसे ज्यादा उल्लंघन : भजनलाल शर्मा

1

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उस पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ने ही संविधान का सबसे ज्यादा उल्लंघन किया है।

शर्मा ने मंगलवार को जयपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर कहा कि पहले कांग्रेस ने बाबा साहेब को टिकट नहीं दिया। फिर उन्हें हराने की कोशिश की और उन्होंने बाबा साहेब को भारत रत्न भी नहीं दिया।

शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब को 1990 में भाजपा समर्थित सरकार ने भारत रत्न प्रदान किया, जो कि उन्हें बहुत पहले मिल जाना चाहिए था लेकिन गांधी परिवार खुद को ही भारत रत्न देने में इतना व्यस्त रहा कि वह बाबा साहेब को भूल ही गए।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी को तो भारत रत्न दे दिया गया, लेकिन बाबा साहेब को उनके जीवनकाल में उचित सम्मान नहीं दिया गया।

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जो दल दशकों तक देश पर शासन करता रहा, उसी कांग्रेस ने सामाजिक न्याय के पुरोधा बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के साथ ही सबसे बड़ा अन्याय किया।

शर्मा ने कहा कि डॉ अंबेडकर को जीवनकाल में कभी भी कांग्रेस से उचित सम्मान नहीं मिलने के कारण ही मंत्रिमंडल से मजबूरन इस्तीफा देना पड़ा था। कांग्रेस ने वोट की राजनीति के लिए ही वंचित और पिछड़ों की बात की। कांग्रेस ने ही बाबा साहेब के बनाये संविधान का सबसे ज्यादा उल्लंघन किया।