राजस्थान में कांग्रेस गैस किल्लत को लेकर सरकार के विरुद्ध जयपुर में करेगी बड़ा आंदोलन : गोविंद सिंह डोटासरा

0

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केन्द्र और राज्य सरकार पर देश और प्रदेश में गैस संकट के हालात बन जाने एवं अपना दायित्व निभाने में पूर्णतया विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस नागरिकों के हितों के संरक्षण के लिए सरकार के विरुद्ध राजधानी जयपुर में प्रदेश स्तर का व्यापक आंदोलन करेगी।

डोटासरा गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ प्रेस वार्ता में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गैस की किल्लत ने संकट का रूप ले लिया है, कालाबाजारी बढ़ रही है। गैस कम्पनियों के बाहर पुलिस को जोर आजमाईश करनी पड़ रही है, अधिकारी भ्रष्टाचार की चांदी कूट रहे हैं, प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है, राज्य सरकार कान में रूई डालकर बैठी हुई है और विपक्ष अपना दायित्व निभाते हुये सरकार को नींद से जगाने का कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की विफलताओं के विरोध में सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को जिला मुख्यालयों पर भाजपा सरकार के खिलाफ धरने-प्रदर्शन करने के लिए निर्देशित किया गया है, इसके पश्चात् ब्लॉक, मण्डल स्तर पर प्रदर्शन होंगे और प्रदेश स्तर का भी व्यापक आन्दोलन राजधानी से प्रारम्भ कांग्रेस पार्टी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपना दायित्व निभाने में पूर्णतया विफल रही है।

उन्होंने कहा कि एप्सटीन फाईल आने के बाद देश के प्रधानमंत्री का अमरीका के सामने सरेण्डर होना पूरे विश्व में चर्चा का मुद्दा बना हुआ है। एप्सटीन फाईल में अमरीका के राष्ट्रपति ट्रम्प का नाम है, हमारे देश में रहने वाले ट्रम्प के मित्रों के भी नाम बताए जा रहे हैं। इन परिस्थितियों में इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए अमरीका ने इजराइल और ईरान के बीच युद्ध छिड़वा दिया है और खाड़ी देशों में 11 दिन से अधिक समय तक युद्ध चलने के कारण हमारे देश में एलपीजी गैस सहित कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित हो रही है जिस कारण एलपीजी गैस सिलेण्डर की बुकिंग नहीं हो रही है, व्यवसायिक सिलेण्डर की आपूर्ति बंद की जा चुकी है। घरेलू गैस सिलेण्डर की कीमत 60 रुपए बढ़ा दी गई है, व्यवसायिक सिलेण्डर की कीमत 115 से अधिक कीमत बढ़ चुकी है लेकिन कीमत बढऩे के बावजूद लोगों को गैस सिलेण्डर नहीं मिल रहे हैं।

डोटासरा ने कहा कि जिस प्रकार नोटबंदी के बाद लोगों को लाईन में खड़ा होना पड़ा। उसके बाद कोरोना में दवाईयों एवं वैक्सीन के लिये लोगों को लाईन में लगाया गया और अब गैस सिलेण्डर के लिए देश और प्रदेश के लोग लाईन में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चे अपनी शिक्षा के लिये जिन बसों से जाते थे उनकी सीएनजी की सप्लाई बंद होने से शिक्षा ठप हो रही है। ऑनलाईन बुकिंग बंद हो गई, कालाबाजारी बढ़ गई है, होटल, इण्डस्ट्री में पर्यटकों की बुकिंग 40 प्रतिशत तक घट गई है।

होटलों एवं समारोह में मिलने वाले खाने की कीमत लगभग दोगुनी हो गई है। रेस्टोरेंट, हॉस्टल की मैस, कॉलेज के केंटीन में गैस आपूर्ति कम हो गई है और पर्यटकों से लेकर छात्र तक परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या के निदान पर ध्यान देने की बजाए सरकार झूठे वक्तव्य दे रही है, जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है और प्रदेश के खाद्य आपूर्ति मंत्री ने जो बयान दिया है कि गैस की आपूर्ति करना प्रदेश सरकार का नहीं केन्द्र सरकार का कार्य है, निन्दनीय है।