भदोही। उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र में किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने चचेरे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चाबड़ा ने बुधवार को बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि पीड़िता की मां की तहरीर पर 3 अगस्त को थाना कोईरौना में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना उस समय हुई जब बच्ची के परिवार के लोग सोमवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित बाबा सेमराधनाथ धाम मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए गए थे। घर में बच्ची अकेली थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
परिजनों के घर लौटने पर बच्ची ने पूरी घटना बताई। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं। मामले की सूचना मिलने के बाद कोईरौना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।



