हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ के हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में पुलिस ने बार-बार धमकी भरे व्हाट्सएप कॉल करके 50 लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में कुख्यात बदमाश सरगना विशाल पचार उर्फ बबलू के एक गुर्गे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बुधवार को बताया कि श्रीगंगानगर जिले के घमूवाली थाना क्षेत्र के गांव मांझूवास निवासी करण (20) को गिरफ्तार किया गया है। करण पीड़ित को एक विदेशी मोबाइल नंबर से आठ सितंबर से लगातार व्हाट्सएप कॉल करके 50 लाख रुपए की रंगदारी के लिए धमकियां दे रहा था।
उन्हाेंने बताया कि आरोपी की पहचान के बाद उसे दबोंच लिया गया। उल्लेखनीय है कि विशाल पचार उर्फ बबलू श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी थाना इलाके का निवासी है। वह पिछले काफी समय से विदेश में छुपा हुआ है और वहां से अपने गिरोह का संचालन कर रहा है।



