जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा है कि चूरू में बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना ने पूरे राजस्थान को हिला कर रख दिया है। इस पर राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ध्यान देना चाहिए।
गहलोत ने अपने बयान में कहा कि अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। इस प्रकार की नृशंस हत्या ने व्यापारियों समेत सभी को डरा दिया है। उन्होंने कहा कि कभी चूरू, कभी नागौर, कभी जोधपुर तो कभी कोई और स्थान, राजस्थान में इस प्रकार से बेखौफ होकर हत्याएं होना बेहद आम होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रीजी को अब तो कम से कम शासन की ओर ध्यान देना चाहिए। घटना पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपने बयान में कहा कि जिले के बीदासर में देर रात एक होटल में फायरिंग की घटना से एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाने एवं कुछ लोगों के घायल हो जाने के दुःखद समाचार प्राप्त हुए।
प्रदेश में बढ़ते गैंगवार एवं आपराधिक घटनाओं से जनता में भय का माहौल है। होली जैसे पर्व पर इस प्रकार की घटनाएं होना राजस्थान में जंगलराज होने का प्रमाण है, सरकार को गैंगवार एवं संगठित अपराध रोकने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए।



