दादीजी का 108 आसनों पर भव्य मंगलपाठ व महाआरती में जुटे भक्तजन

अजमेर। श्री दादी परिवार महिला मण्डल की ओर से परम पूजनीय अग्रकुल शिरोमणि श्रीश्री 1008 श्री झुझुंनू वाली दादीजी की असीम अनुकम्पा से भादवा बदी अमावस पर शुक्रवार दोपहर जनकपुरी गंज में दादीजी के मंगलपाठ का आयोजन किया गया।

लेखा गर्ग ने बताया कि सर्वप्रथम सुप्रसिद्ध मंगलपाठ गायक सुभाष भट्ट ने भव्य मंगलपाठ किया। मंगलपाठ का विशेष आकर्षण सवामन लाख के चूड़े दादीजी को अर्पण करना रहा। इस दौरान 108 आसनों पर महिलाओं ने सामूहिक मंगल पाठ किया। अजमेर शहर के दादी भक्तों बड़ी संख्या में शिरकत कर कार्यक्रम का आनंद लिया।

पाठ के दौरान दादी के भजनों पर श्रद्धालु भाव विभोर होकर नृत्य करने लगे। भजन मां गोरा थाने पूजू हूं, हाथ जोड़ वर मांगू हूं, मोटी सेठानी म्हारो बेडो पार लगानो पडसी रे, डोली चढ़कर दादीजी ससुराल चली, हीरा मोती से नजर उतार दूं, मेहंदी रची म्हारे हाथा में, लाया थारी चूदड़ी मां करजो स्वीकार भजन पर मण्डल की समस्त महिलाओं ने दादीजी को चूंदड़ी ओढ़ाई।

शाम को 108 दीपकों से दादीजी की अलौकिक आरती की गई। दादीजी का नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। उत्सव में आने वाली सभी महिलाओं को दादीजी के आशीर्वाद स्वरूप अमर सुहाग का प्रतीक लाख का चूड़ा वितरित किया गया। उत्सव का समापन प्रसादी के साथ किया गया।