जापान : इशिकावा प्रांत में भूकंप में लापता 51 लोगों की तलाश जारी

टोक्यो। जापान के इशिकावा प्रांत में बचाव और राहत अधिकारी नए साल पर आए शक्तिशाली भूकंप में लापता हुए 51 लोगों का पता लगा रहे हैं। क्य़ोडो न्यूज एजेंसी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

क्योडो ने स्थानीय प्रशासन के हवाले से बताया कि जापानी शहर वाजिमा में भूकंप से सबसे अधिक मौतें हुयी है और यहां अभी भी छह लोग लापता हैं। इसके अलावा, बचाव कर्मियों को यहां कई इमारतों के ढहने की सूचना मिली है, जिनके मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।

जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक बार फिर खोज अभियान में शामिल सभी लोगों से लापता लोगों को खोजने के लिए पूरा प्रयास करने का आग्रह किया। भारतीय दूतावास ने जापान में एक आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। जिसके माध्यम से भूकंप और सुनामी से प्रभावित लोग संपर्क कर सकते हैं।

गौरतलब है कि इशिकावा प्रान्त में सोमवार को नोटो प्रायद्वीप पर सुजु शहर के पास तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमान पर 7.6 मापी गयी थी। इस एक भूकंप के बाद कई और तेज झटके महसूस हुए। इस आपदा से अब तक मरने वालों की संख्या 78 हो गई है, जबकि 100 से अधिक अन्य घायल हुए हैं। देश के कई शहरों में आए तेज भूकंप के झटकों के कारण कई इमारतें ढह गईं। रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले जापान के नोटो प्रायद्वीप क्षेत्र में वर्ष 1885 में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसमें बड़े पैमाने पर क्षति हुई थी।