दीपक भार्गव बने श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समिति के सचिव, भव्य स्वागत

12

अजमेर। श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रबंधक समिति, शास्त्री नगर की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को अध्यक्ष डॉ. एस.डी. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से शास्त्री नगर निवासी समाजसेवी दीपक भार्गव को मंदिर समिति का सचिव नियुक्त किया गया। यह पद लंबे समय से रिक्त था, जिस पर नियुक्ति होने से समिति के कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

नवनियुक्त सचिव दीपक भार्गव का मंदिर के सत्संग हॉल में समिति पदाधिकारियों ने माल्यार्पण, उपरणा ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष ई.जी.एन.डी. वैष्णव, महिला उपाध्यक्ष रजनी चौधरी, निवर्तमान सचिव हरिशंकर सारण, संयुक्त सचिव ओमप्रकाश टाक, कोषाध्यक्ष राजेश त्यागी, सहायक कोषाध्यक्ष ए.एल. चौधरी तथा अंकेक्षक विष्णु प्रसाद गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर दीपक भार्गव ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे मंदिर और समाज की सेवा के लिए तन, मन और धन से अपना पूरा सहयोग देंगे तथा समिति द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।

बैठक में पूर्व समिति से रिकॉर्ड एवं लेखा-जोखा प्राप्त करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि पूर्व अध्यक्ष अशोक शर्मा, जो लंबे समय से अस्वस्थ हैं, से उनके निवास पर जाकर कुशलक्षेम पूछी जाएगी।

अध्यक्ष डॉ. एस.डी. मिश्रा ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से मंदिर के विकास एवं जनहित के कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी।

बैठक में डॉ. मिश्रा ने बताया कि शास्त्री नगर क्षेत्र में पिछले चार वर्षों से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जा रही है। इसी क्रम में शनिवार शाम मंदिर समिति की ओर से मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा और श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।