दिल्ली : वैवाहिक विवाद के बाद ससुराल वालों के हमले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत

1

नई दिल्ली। दिल्ली के निहाल विहार इलाके में घरेलू विवाद के बाद पत्नी के परिजनों द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले में शनिवार को एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का मामला सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान विनय गुप्ता (31) के रूप में हुई है और वह नोएडा की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह विनय और उनकी पत्नी रेखा के बीच कुछ विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद पत्नी ने अपने मायके वालों से संपर्क किया और वे दंपती के आवास पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि मायके से आए परिजनों ने कथित तौर पर विनय पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

मृतक के परिवार के अनुसार विवाद बच्चों में से एक को दवा पिलाने को लेकर शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि बहस के बाद रेखा घर से चली गई और फिर अपने दो भाइयों, भाभी, पिता और चाचा के साथ वापस लौटी। उसके बाद उन्होंने विनय पर लात-घूंसों से हमला किया गया और हमले के दौरान उनका गला घोंट दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह घटना पूर्व-नियोजित थी और हमले से पहले घर के अंदर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे।

यह घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है, जिसमें कथित हमले से पहले रेखा और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को घर पहुंचते हुए देखा जा सकता है।

दंपती के साथ रहने वाली विनय की मां ने बताया कि वे मेहमानों के लिए पानी और जलपान का प्रबंध करने के लिए थोड़ी देर के लिए बाहर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने अपने बेटे को पिटते देखा और बीच-बचाव करने की कोशिश की। विनय की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले रेखा से हुई थी और उनके साढ़े चार महीने के जुड़वां बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं।