सौरभ दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे पर कार्रवाई का दावा; पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मंगलवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराने का प्रयास कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के तीन नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। उनके अनुसार, हिरासत में लिए गए नेताओं में सौरभ दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे शामिल हैं।
पार्टी की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह की है। जानकारी के मुताबिक सुबह 8 बजे के करीब जेडीयू दफ्तर की तरफ से गेट और बैरिकेड्स फांदकर सौरव दास और आशुतोष जंतर मंतर पहुंचे। सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ उनके कुछ समर्थक भी थे। परिसर में दाखिल होते ही मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसी बीच वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने सौरव दास, आशुतोष रांका और उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया।
हालांकि, हिरासत में लिए गए सभी लोगों की संख्या, पुलिस की कार्रवाई के आधिकारिक कारण और उनके खिलाफ किसी कानूनी प्रावधान के तहत कार्रवाई किए जाने की जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
बता दें कि इससे पहले सीजेपी के तीनों नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। तीनों नेता मुंबई से दिल्ली जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करते ही तीनों को दिल्ली पुलिस ने प्रिवेंटिव अरेस्ट कर लिया था। अगले दिन तीनों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जहां 50 हजार का बॉन्ड भरने के बाद इन्हें रिहा किया गया था।
जंतर-मंतर को लेकर पार्टी ने उठाए सवाल
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में समाप्त करने से संबंधित कथित केंद्र सरकार के आदेश पर सवाल उठाए। उन्होंने अपने संदेश के जरिए विरोध और प्रतिरोध की आवाज को दबाने के प्रयासों पर आपत्ति जताई। पार्टी की ओर से इस घटनाक्रम को विरोध प्रदर्शन के अधिकार से जोड़कर देखा जा रहा है।



