नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई करीब 30 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा करने का दावा किया है। शाहदरा जिला पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19.05 लाख रुपए नकद, तीन नए आईफोन, एक देसी पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। जांच में स्कूटी के चोरी की होने की बात भी सामने आई है।
रेड बैग में रखी थी करीब 30 लाख की नकदी
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता शुक्रवार सुबह करीब 30 लाख रुपए नकद लेकर अपनी दोपहिया गाड़ी से गांधी नगर स्थित अपनी रेडीमेड कपड़ों की दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया और मौका पाकर नकदी से भरा बैग झपट लिया। वारदात के बाद आरोपी विजय चौक की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
8 से 10 घंटे में पुलिस ने दबोचे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में लगाई गईं। घटनास्थल और आरोपियों के भागने वाले रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया। इसी दौरान पुलिस को संदिग्धों के बारे में अहम सुराग मिले। जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें दो नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।
लूट के पैसे से खरीदे आईफोन
पुलिस की जांच में सामने आया कि लूटी गई रकम का एक हिस्सा आरोपियों ने कथित तौर पर मौज-मस्ती और महंगे सामान खरीदने में खर्च किया। उनके पास से तीन नए आईफोन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने 19.05 लाख रुपए नकद और एक देसी पिस्तौल भी बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी की जांच करने पर उसके चोरी की होने की जानकारी मिली।
एक आरोपी की घायल हाथ से मिली पहचान की अहम कड़ी
जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि बदमाशों में से एक व्यक्ति स्कूटी पर पीछे बैठा था और उसके हाथ पर चोट लगी हुई थी तथा हाथ पर पट्टी बंधी थी। यह हुलिया पुलिस के लिए आरोपियों की पहचान में महत्वपूर्ण सुराग बना। पुलिस अब बरामद रकम के अलावा बाकी लूटी गई नकदी का पता लगाने और फरार बताए जा रहे अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।



