जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर सचिवालय में शनिवार को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में जयपुर व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक हुई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बैठक में चारदीवारी क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं अवैध अतिक्रमण, पार्किंग, ई-रिक्शा संचालन, बढ़ती चोरी की घटनाएं और स्वच्छता व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
व्यापारियों ने चारदीवारी में बढ़ते अतिक्रमण और चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। इस पर दिया कुमारी ने अधिकारियों को गश्त बढ़ाने और व्यापारियों की सहभागिता से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। व्यापारियों की पहल पर महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि सुरक्षा बेहतर हो सके।
चारदीवारी को हराभरा बनाने के लिए डिवाइडर में पेड़ लगाने का निर्णय लिया गया। व्यापारियों द्वारा स्वयं पेड़ लगाए जाएंगे ताकि क्षेत्र को हरित क्षेत्र में तब्दील किया जा सके। बैठक में दिया कुमारी ने अधिकारियों को पार्किंग व्यवस्था सुधारने, अतिक्रमण हटाने, महिला शौचालयों के निर्माण, पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने और नाइट बाजार विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सहभागिता से चारदीवारी के परम्परागत रूप को बरकरार रखते हुए विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की सुंदरता को बनाए रखने के लिए समान जगमगाते बोर्ड लगाने की दिशा में काम किया जाएगा।
बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, महामंत्री सुरेश सैनी, कोषाध्यक्ष सचिन गुप्ता, जौहरी बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय अग्रवाल, त्रिपोलिया व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, चौड़ा रास्ता व्यापार मंडल अध्यक्ष विवेक भारद्वाज, विष्णु शर्मा, हेरिटेज नगर निगम आयुक्त निधि पटेल मौजूद थे।



