धमतरी। शहर में आवारा मवेशियों की समस्या एक बार फिर चर्चा में है। सुंदरगंज वार्ड के लोगों ने रविवार को एक बेकाबू बैल को पकड़कर सीधे कोतवाली थाना पहुंचा दिया। लोगों ने पुलिस से बैल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उसे गिरफ्तार करने जैसी कार्रवाई की मांग की।
सुंदरगंज वार्ड के लोगों के मुताबिक यह बैल पिछले कई दिनों से इलाके में परेशानी का कारण बना हुआ था। लोगों का दावा है कि बैल के हमले में अब तक तीन लोग घायल हो चुके हैं। लगातार बढ़ते खतरे से नाराज स्थानीय लोगों ने आखिरकार बैल को पकड़ने का फैसला किया और उसे थाने तक ले आए।
नगर निगम से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या नई नहीं है। सड़क, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले मवेशियों के कारण राहगीरों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। सुंदरगंज वार्ड के लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार जब शिकायतों के बावजूद स्थिति नहीं बदली तो उन्होंने खुद ही बेकाबू बैल को पकड़कर थाने पहुंचाने का कदम उठाया।
पहले हादसा होने का इंतजार क्यों?
लोगों का कहना है कि आवारा मवेशियों के कारण सड़क पर चलने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है। उनका सवाल है कि प्रशासन और नगर निगम गंभीर हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही ऐसे मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर क्यों नहीं पहुंचाते। थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस के सामने बैल से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी देते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग रखी।



