डीके शिवकुमार ने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने का संकेत दिया

बेंगलूरु। कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटने के संकेत दिया है जिससे राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस में नयी राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है।

शिवकुमार ने हालांकि इस्तीफे की किसी भी संभावना से इनकार किया है। वह पिछले पांच साल से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि यह पद हमेशा के लिए नहीं रख सकते और दूसरों को मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें संगठन के दायित्व से मुक्त कर दिया जाता है, तो भी वह पार्टी नेतृत्व का हिस्सा बने रहेंगे।

भारतीय जनता पार्टी नेता चलवाड़ी नारायणस्वामी ने उनके बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि शिवकुमार का इस्तीफे का इशारा कांग्रेस में अंदरूनी उथल-पुथल को दिखाता है। उन्होंने कहा कि यह उनकी पार्टी के अंदर उनके लिए बेइज्जती की बात हो सकती है। महीनों तक उन्होंने मुख्यमंत्री बनने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुए। इससे शायद वह नाराज हों, हालांकि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है और हम इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे।