पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला के रामगढ़ स्थित टर्मिनल बैलिस्टिक्स अनुसंधान प्रयोगशाला (टीबीआरएल) क्षेत्र में रविवार को उच्च क्षमता वाले बम का परीक्षण किया गया।
सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने पहले ही आसपास के गांवों के लिए परामर्श जारी कर दिया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे हुए परीक्षण के दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज लगभग 6 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के प्रभाव से आसपास के क्षेत्रों में घरों के दरवाजे और खिड़कियां भी हिल गईं।
टीबीआरएल ने पहले ही जानकारी दी थी कि परीक्षण सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण सैन्य परीक्षण की निगरानी भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों और वैज्ञानिकों ने की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार विस्फोट के बाद निकलने वाले छर्रे लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक जा सकते हैं, जबकि उनके दो किलोमीटर के दायरे में फैलने की संभावना रहती है। इसी कारण सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए थे। यह परीक्षण रक्षा अनुसंधान एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का हिस्सा माना जा रहा है।



