अलवर। राजस्थान में अलवर के हनुमान सर्किल के पास स्थित जेएस फोर वीलर कंपनी में मंगलवार को पिकअप की बॉडी के नीचे दबने से एक चालक की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामगढ़ निवासी मोनू नायक की पिकअप करीब 15 दिन पहले मरम्मत के लिए जेएस फोर वीलर कंपनी में दी गई थी। मंगलवार को कंपनी से फोन आया कि वाहन का काम पूरा हो गया है और उसे ले जाया जा सकता है। इसके बाद मोनू अपने चार-पांच साथियों के साथ वाहन लेने कंपनी पहुंचा।
बताया गया कि पिकअप वाहन कंपनी परिसर के अंदर खड़ा था, जबकि उसकी बॉडी बाहर रखी हुई थी। सभी लोग मिलकर बॉडी को वाहन पर लगाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने और सामान संभालने के प्रयास में भारी बॉडी सीधे मोनू नायक के ऊपर गिर गई।
हादसे में मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।



