अलवर। राजस्थान में अलवर के राजगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर बुधवार रात रसायन से भरा टैंकर पलटने से चालक की मौत हो गई।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर कोटा से भिवाड़ी आ रहा रसायन से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गया।इससे टैंकर के चालक धीरज कुमार (35) की मौके पर ही मौत हो गई। टैंकर पलटने से रसायन सड़क बिखर गया।
घटनास्थल के पास से गुजर रहे लोगों ने मामले की सूचना एक्सप्रेसवे प्रशासन और पुलिस को दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों के लिए रास्ता खुलवाया। रसायन की तीखी गंध से लोगों को परेशानी होने लगी और बचाव कार्य में भी खासी दिक्कत आई। कई घंटे की मशक्कत के बाद टैंकर में फंसे चालक का शव बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। परिजन अलवर पहुंच चुके हैं। टैंकर की जानकारी भी कंपनी को दी गई है और उनके आने के बाद टैंकर को खाली करके घटनास्थल से दूर किया जाएगा।



