नशे के खिलाफ जन संकल्प रैली एवं वॉकाथॉन में गूंजा नशामुक्त राजस्थान का संदेश

0

अजमेर। नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से अजमेर में नशे के खिलाफ जन संकल्प रैली एवं वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। रैली में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने नशामुक्त समाज और नशामुक्त राजस्थान के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संसाधन कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। राजस्थान को नशामुक्त बनाने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित एवं सशक्त राजस्थान की मजबूत नींव हैं।

राजीव दत्ता ने कहा कि नशा समाज के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर लगाने पर जोर देते हुए कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

अजमेर जिला कलक्टर लोकबंधु ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए प्रशासन के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाने के साथ उन्हें शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज केवल प्रशासनिक कार्रवाई से नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता और सामाजिक संकल्प से ही बनाया जा सकता है।

विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी

नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अजमेर के विभिन्न विद्यालयों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने रैली एवं वॉकाथॉन में सहभागिता कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

अभियान में मयूर स्कूल लिंक रोड, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल वैशाली नगर, एच.के.एच. वैशाली नगर, लॉरेन्स एंड मेयो स्कूल, भगवान महावीर स्कूल, क्वीन मेरी बालिका विद्यालय, क्वीन मेरी विद्यालय, सेंट्रल एकेडमी, वृंदावन पब्लिक स्कूल, डी.एम.एस. रोजलन स्कूल तथा सेंट स्टीफन सी.सै. स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यालयों की सहभागिता से युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ, सकारात्मक और रचनात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया।