शिक्षा विभाग 29 जून को करेगा भामाशाहों का सम्मान

0

जयपुर। शिक्षा विभाग आगामी 29 जून को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाहों का सम्मान करने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के उद्देश्य से श्री राधाकृष्णन शिक्षा संकुल स्थित मंथन सभागार में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक राजस्थान सीताराम जाट की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

निदेशक ने बताया कि विभाग ने इस बार भामाशाह सम्मान की विभिन्न श्रेणियों के लिए आवश्यक पात्रताओं में परिवर्तन किया है। एक करोड रुपए से अधिक दान करने वाले दानदाताओं को शिक्षा विभूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। एक करोड रुपए से कम, लेकिन तीस लाख या तीस लाख से अधिक का दान करने वाले दानदाता शिक्षा-भूषण सम्मान से सम्मानित होंगे।

एक लाख से अधिक तीस लाख रुपए से कम की सीमा में राशि दान करने वाले भामाशाहों को जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में शिक्षा श्री सम्मान प्रदान किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रेरक सम्मान 50 लाख या इससे अधिक के कार्य के लिए प्रेरित करने वाले को तथा जिला स्तरीय प्रेरक सम्मान 50 लाख से कम लेकिन कम से कम 5 लाख रुपए के कार्य के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्ति को दिया जाएगा।

जयपुर संभाग की संयुक्त निदेशक मंजू शर्मा ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक समिति के कार्यक्षेत्र को स्पष्ट रूप से निर्धारित किया गया, ताकि सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सकें इसके आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भामाशाहों के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ शिक्षा क्षेत्र में उनके सहयोग को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य भी निहित है। उपनिदेशक दीपक शुक्ला और उप जिला शिक्षा अधिकारी बसन्त जिन्दल ने बैठक को संबोधित किया। बैठक में समस्त समितियों के प्रभारी, सहप्रभारी एवं सदस्य उपस्थित रहें।