नालंदा : शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़ से आठ लोगों की मौत

0

लखनऊ/राजगीर। बिहार में नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़ से आठ लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मधडा गांव स्थित शीतलाष्टमी मंदिर में आज सुबह श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए गए थे। अत्यधिक भीड़ से लोगों में भगदड़ मच गई। भगदड़ से आठ लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में सभी महिलाएं हैं।

सूत्रों ने बताया कि मृतकों में से पांच की पहचान देवंती देवी, रेखा देवी, मालो देवी, चिंता देवी और कांति देवी के रूप में की गई है। अन्य मृतकों की पहचान नहीं की जा सकी है। इस घटना में कुछ लोग घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं।

नालंदा हादसे पर मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के नालंदा स्थित श्री शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में श्रद्धालुओं का निधन अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने माँ शीतला देवी से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गौरतलब है कि मंगलवार सुबह नालंदा में शीतला अष्टमी के अवसर पर मंदिर में भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। अधिकांश की मौत भीड़ में दबने से मौके पर ही हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है तथा घायलों का इलाज कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।