करौली। राजस्थान में करौली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के बड़े सिंडिकेट के आठ और सदस्यों गिरफ्तार किया है।
करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि संगठित अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार करते हुए आठ और आरोपियों को गिरफ्तार किया है और इस कार्रवाई के साथ ही इस हाईटेक सट्टा नेटवर्क में अब तक 14 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
सोनवाल ने बताया कि यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों, विशेषकर ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग और आईपीएल पर करोड़ों का सट्टा संचालित कर रहा था। आरोपी क्रिकेट गुरु लाइव जैसे ग्रुप बनाकर लोगों को दोगुना पैसा करने का लालच देते थे। सट्टे की राशि का लेनदेन फोन-पे और अन्य डिजिटल माध्यमों से किया जाता था। तकनीकी विश्लेषण से सामने आया है कि इस गिरोह के तार हिण्डौन, करौली, गंगापुर सिटी और जयपुर तक फैले हुए हैं।
सोमवार को पुलिस ने हिंडौन निवासी रहीस (दो मुकदमे), विक्रम (पांच मुकदमे), दिनेशचंद (तीन मुकदमे), संतोष (सात मुकदमे), रामनिवास (तीन मुकदमे), भगवान सहाय (तीन मुकदमे), हेमराज उर्फ हेमू (एक मुकदमे) और बबलू (चार मुकदमे) को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सट्टा किंग अमीनउद्दीन और अन्य मुख्य सरगनाओं के संपर्क में रहकर करोड़ों के अवैध मुनाफे का खेल खेल रहा था।



