अजमेर जिले में प्रवर्तन जांच दलों ने 30 घरेलू गैस सिलेण्डर किए जब्त

0

अजमेर। जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों के अवैध उपयोग के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए शुक्रवार को 35 घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त किए गए।

जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ ने बताया कि जिले के विभिन्न स्थानों पर घरेलू गैस सिलेण्डरों के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी, अवैध भण्डारण तथा रिफिलिंग की सूचना प्राप्त होने पर प्रवर्तन जांच दलों द्वारा विभिन्न स्थानों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई।

अजमेर शहर के रामनगर रोड़, कोटड़ा, मित्तल हॉस्पिटल के पास विभिन्न होटलों एवं ढाबों पर घरेलू गैस सिलेण्डरों के व्यावसायिक स्थल पर दुरूपयोग के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए कुल 10 घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त किए गए। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 10 विभिन्न प्रकरण दर्ज किए गए।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार अजमेर शहर में शीशाखान, पीर रोड़ स्थित शाहिद हुसैन के मकान से अवैध रूप से भण्डारित किए गए। 24 सिलेण्डर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जब्त किए गए। इसमें से 11 व्यावसायिक एवं 13 घरेलू सिलेण्डर थे।

नसीराबाद क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेण्डर के दुरूपयोग के संबंध में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एक प्रकरण दर्ज कर एक घरेलू सिलेण्डर जब्त किया गया। इस प्रकार शुक्रवार को अजमेर जिले में कुल 35 सिलेण्डर को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जब्त किया गया।

30 गैस एजेन्सियों की एक साथ जांच

कलक्टर लोक बन्धु के निर्देशानुसार जिलेभर में एक साथ 30 गैस एजेन्सियों की प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जांच की गई। जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ ने बताया कि अजमेर जिले में कुल 53 गैस एजेंसियां है। जिले में मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर गैस आपूर्ति को लेकर प्रभावी मोनिटिरिंग के लिये जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु के निर्देशन में जिले के अधिकारियों द्वारा विभिन्न 30 गैस एजेन्सियों का निरीक्षण किया गया।

कलक्टर लोक बन्धु एवं पुलिस अधीक्षक वन्दिता राणा द्वारा अजमेर शहर की 3 गैस एजेन्सियों का निरीक्षण किया गया। एजेंसी संचालकों से उनकी पूर्व और वर्तमान बुकिंग की जानकारी ली गई। एजेन्सियों को ऑनलाईन बुकिंग तथा अन्य समस्याओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए। कलक्टर के द्वारा तबीजी में स्थित आईओसीएल के गैस प्लांट का भी निरीक्षण किया गया।

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही अतिरिक्त कलक्टर ज्योति ककवानी द्वारा नसीराबाद की 2 गैस एजेंसी एवं नसीराबाद के एचपीसीएल गैस प्लांट का निरीक्षण किया गया। आमजनता से अपील की कि घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति है। पैनिक बुकिंग के कारण सर्वर पर प्रभाव पड़ा था किन्तु अभी सब ठीक है।

अतिरिक्त कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा द्वारा शहर की एक एजेन्सी का निरीक्षण किया गया। उपखण्ड अधिकारी गरिमा नरूला द्वारा 2 गैस एजेन्सियों का निरीक्षण किया गया। जिला रसद अधिकारी (प्रथम) द्वारा 4 गैस एजेन्सियों का निरीक्षण किया गया। इस प्रकार अजमेर शहर की कुल 20 एजेन्सियों में से 7 गैस एजेन्सियों का विभिन्न अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार जिले में स्थानीय अधिकारियों ने निरीक्षण किए। नसीराबाद की कुल 6 गैस एजेंसी में से 4 का निरीक्षण अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन), जिला रसद अधिकारी (द्वितीय), उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा किया गया। पीसांगन की समस्त 2 एजेन्सियों का निरीक्षण उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा किया गया। पुष्कर की 2 में से एक का निरीक्षण उपखण्ड अधिकारी द्वारा किया गया। रूपनगढ़ की समस्त 3 गैस एजेन्सियों का निरीक्षण तहसीलदार द्वारा किया।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार किशनगढ़ की 4 गैस एजेन्सियों का निरीक्षण तहसीलदार द्वारा किया गया। अरांई की एक मात्र एजेन्सी का निरीक्षण उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा किया गया। भिनाय की 4 गैस एजेन्सियों का निरीक्षण उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार द्वारा किया गया। केकड़ी की कुल 5 गैस एजेन्सी में से एक का निरीक्षण तहसीलदार द्वारा किया गया। सरवाड़ की दोनों एजेन्सियों का निरीक्षण तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार द्वारा किया गया। सावर की एकमात्र एक गैस एजेन्सी का निरीक्षण उपखण्ड अधिकारी द्वारा किया गया।