दक्षिण भारत दर्शन यात्रा में बढ़ा श्रद्धालुओं का उत्साह, सेकंड एसी-स्लीपर फुल; थर्ड एसी में बुकिंग जारी

5

जयपुर/अजमेर। दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने वाली आईआरसीटीसी की विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को श्रद्धालुओं का जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित दक्षिण भारत दर्शन यात्रा के लिए सेकंड एसी और स्लीपर श्रेणी की सीटें पूरी तरह बुक हो चुकी हैं। अब थर्ड एसी स्टैंडर्ड कैटेगरी में ही सीटें उपलब्ध हैं।

आईआरसीटीसी की यह विशेष ट्रेन 21 अक्टूबर को सीकर जंक्शन से रवाना होगी और जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा तथा चित्तौड़गढ़ होते हुए दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाएगी। 12 दिन की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मदुरई, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा।

तिरुपति से शुरू होगा धार्मिक सफर

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन 23 अक्टूबर को रेणिगुंटा पहुंचेगी। अगले दिन 24 अक्टूबर को यात्रियों को तिरुपति बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद 25 अक्टूबर को ट्रेन रामेश्वरम के लिए रवाना होगी और 26 अक्टूबर को वहां पहुंचने के बाद यात्रियों को रामनाथ स्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।

27 अक्टूबर को यात्रा रामेश्वरम से मदुरई के लिए आगे बढ़ेगी। यहां शाम को प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर के दर्शन होंगे। इसके बाद ट्रेन कन्याकुमारी के लिए रवाना होगी।

कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग भी यात्रा में शामिल

28 अक्टूबर को कन्याकुमारी पहुंचने के बाद यात्रियों को स्थानीय धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा के अगले चरण में ट्रेन मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए पहुंचेगी। यहां दर्शन के बाद वापसी की यात्रा शुरू होगी और 1 नवंबर को सीकर जंक्शन पर यात्रा का समापन होगा।

यात्रा पैकेज में कई सुविधाएं शामिल

आईआरसीटीसी जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी के अनुसार, भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित कोच, आधुनिक किचन-कार और बायो टॉयलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों की जरूरत और बजट के अनुसार पैकेज को स्टैंडर्ड और कंफर्ट श्रेणी में रखा गया है।

यात्रा पैकेज में ट्रेन की कंफर्म बर्थ के साथ होटल में ठहरने, नाश्ता, दोपहर और रात के भोजन, स्थानीय परिवहन, मंदिर दर्शन तथा बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं। केंद्र सरकार/पीएसयू के पात्र कर्मचारी निर्धारित नियमों के तहत एलटीसी सुविधा का लाभ भी ले सकते हैं।

थर्ड एसी स्टैंडर्ड पैकेज की कीमत 37,810 रुपए

फिलहाल थर्ड एसी स्टैंडर्ड कैटेगरी में बुकिंग उपलब्ध है। इस पैकेज की कीमत 37,810 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है। इसमें थर्ड एसी ट्रेन यात्रा, नॉन-एसी आवास और नॉन-एसी बस परिवहन शामिल रहेगा।

यात्रा में रुचि रखने वाले यात्री जानकारी और बुकिंग के लिए 8595930998 और 8595924336 पर संपर्क कर सकते हैं। बुकिंग आईआरसीटीसी टूरिज्म की वेबसाइट के अलावा जयपुर स्थित आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय से भी कराई जा सकती है। सेकंड एसी और स्लीपर की सीटें फुल होने के बाद अब थर्ड एसी में उपलब्ध सीमित सीटों को लेकर भी यात्रियों में उत्सुकता बनी हुई है।