अजमेर मंडल ने समयपालन में 100% प्रदर्शन कर भारतीय रेल में प्रथम स्थान बरकरार रखा

0

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने ट्रेनों के समयबद्ध संचालन के मामले में भारतीय रेलवे में अपनी शीर्ष स्थिति बरकरार रखी है। मंडल ने 16 नवंबर 2026 को 100 प्रतिशत समयपालन का रिकॉर्ड प्रदर्शन किया। इस दिन मंडल से संचालित कोई भी मेल, एक्सप्रेस अथवा यात्री ट्रेन विलंबित नहीं हुई। वहीं, चालू वित्त वर्ष में 16 नवंबर तक 98.20 प्रतिशत समग्र समयपालन के साथ अजमेर मंडल देशभर में पहले स्थान पर बना हुआ है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि 16 नवंबर को मंडल की मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ यात्री रेलगाड़ियों का संचालन भी निर्धारित समय के अनुसार हुआ। किसी भी ट्रेन के विलंबित नहीं होने से मंडल ने एक दिन में 100 प्रतिशत पंक्चुअलिटी का लक्ष्य हासिल किया।

उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 से 16 नवंबर 2026 तक की अवधि में अजमेर मंडल का ओवरऑल पंक्चुअलिटी प्रदर्शन 98.20 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इस उपलब्धि के साथ मंडल ने भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में पहला स्थान हासिल किया है।

बेहतर समन्वय और टीमवर्क का परिणाम

इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि समयपालन के मामले में लगातार बेहतर प्रदर्शन मंडल के सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय, रेलकर्मियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ट्रेन संचालन से जुड़े विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयासों से ही यात्रियों को निर्धारित समय पर रेल सेवाएं उपलब्ध कराना संभव हो पाया है।

यात्रियों को समयबद्ध सेवा देने पर जोर

रेलवे प्रशासन का कहना है कि ट्रेनों का समय पर संचालन यात्रियों की सुविधा और संतुष्टि से सीधे जुड़ा हुआ है। समयपालन बेहतर रहने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में सहूलियत मिलती है और रेलवे की परिचालन व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है। अजमेर मंडल ने भविष्य में भी सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध रेल संचालन बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।