सहकारिता से हर गांव हो रहा समृद्ध : अमित शाह

0

अलवर। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य है कि सहकारिता के माध्यम से देश का हर गांव समृद्ध हो और सहकार से समृद्धि के उनके मंत्र को चरितार्थ करते हुए हम हर गांव को समृद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

शाह रविवार को अलवर के विजयनगर ग्राउंड में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत को पूर्ण विकसित बनाना है तो युवा, गरीब, अन्नदाता और महिला को सशक्त करना होगा। आज इन वर्गों के उत्थान की अवधारणा ‘ज्ञान’ अर्थात गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी के कल्याण का संकल्प पूरा हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आज किसानों को किसान सम्मान निधि, महिलाओं और पशुपालकों के लिए डेयरी की सुविधाएं तथा युवाओं को नौकरी की सौगात दी गई है। साथ ही तीन लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के डेयरी प्लांट का शिलान्यास किया गया है। भविष्य में इसकी क्षमता को पांच लाख लीटर प्रतिदिन किया जाएगा।

इससे पशुपालक परिवारों की आर्थिक तरक्की सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि को-ऑपरेटिव और डेयरी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और गरीब पशुपालक के जीवन को बदलने के साथ ही नई पीढ़ी के लिए संभावनाओं के द्वार खोलने की ताकत रखती है। उन्होंने गुजरात का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां की 33 लाख महिलाओं ने 100 रुपए निवेश किए और वहां आज 33 डेयरी प्लांट चल रहे हैं, जिनका टर्नओवर सवा लाख करोड़ रुपए है।

उन्होंने कहा कि 274 करोड़ रुपए की लागत के सरस डेयरी के चार और प्लांट भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और राजसमंद में शुरू हो रहे हैं। इसके साथ-साथ फलोदी, बालोतरा, डीडवाना और प्रतापगढ़ में चार नए केन्द्रीय सहकारी बैंकों की शुरुआत भी आज हो रही है। इनसे किसानों को शून्य ब्याज दर पर ऋण मिल सकेगा।

इस दौरान शाह ने किसान सम्मान निधि योजना की छठी किस्त के तहत 66 लाख 74 हजार से अधिक किसानों के खातों में करीब 667 करोड़ रुपए एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 152 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। उन्होंने नए केन्द्रीय सहकारी बैंकों के गठन के साथ प्रदेश के 17 जिलों में 6 हजार 453 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

उन्होंने 200 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अलवर सरस डेयरी के नवीन प्लांट का शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न दुग्ध संघों के डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट एवं कैटल फीड प्लांट का लोकार्पण किया। साथ ही नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। रविवार को प्रदेशभर में 10वें मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत 10 हजार 500 से अधिक नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में वर्तमान में 44 हजार सहकारी समितियां हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर गांव में सहकारी समिति हो। प्रदेश में 500 टन के 200 गोदाम बनाए जा रहे हैं और 50 नए गोदाम और स्वीकृत किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी किसानों और पशुपालकों के कल्याण के लिए हर साल एक नई योजना की सौगात दे रहे हैं।

गोकुल मिशन, कृषि सिंचाई योजना, सॉइल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, ई-नाम, किसान संपदा योजना, डेढ़ गुना एमएसपी, पीएम किसान सम्मान निधि, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड और मत्स्य संपदा योजना, सहकारिता मंत्रालय की स्थापना, किसान समृद्धि केंद्र, राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन, पीएम धन-धान्य कृषि योजना सहित कई योजनाएं शुरू होने से किसानों की आर्थिक प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सबसे ज्यादा अनाज की खरीद की है। साथ ही बाजरा, सरसों, गेंहू, कपास और ज्वार सहित अन्य खाद्यान्न की एमएसपी में उल्लेखनीय वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को डेयरी से भुगतान की अवधि को और कम करने का प्रयास किया जाएगा।