अलवर में खेत की तारबंदी को लेकर दो भाइयों के परिवार भिड़े, 13 घायल

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में बड़ा गांव नैथला में रविवार सुबह खेत की तारबंदी को लेकर दो सगे भाइयों के परिवाराें में हुए खूनी संघर्ष में 13 लोग घायल हो गए।

सूचना मिलने पर मालाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल मालाखेड़ा अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद एक पक्ष से गीता देवी, लाखन सिंह और उषा देवी, जबकि दूसरे पक्ष से राहुल सिंह और गब्बर सिंह को गंभीर हालत में अलवर भेजा गया।

एक पक्ष के दिलीप सिंह ने बताया कि उनका परिवार सुबह अपने खेत में तारबंदी कर रहा था। इसी दौरान उनके चाचा लाखन सिंह और उनकी पत्नी वहां पहुंचे और तारबंदी का विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

दिलीप का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने तलवार से हमला कर दिया, जिसमें राहुल सिंह के सिर, गब्बर सिंह के पैर और सिर, रघुनाथ सिंह की पीठ और उसके हाथ पर गंभीर चोटें आईं। उसने बताया कि खुद उस पर भी जानलेवा हमला किया गया और तलवार के वार से उसके हाथ में गंभीर घाव हो गया।

वहीं दूसरे पक्ष के मंजीत सिंह और उसके परिवार का कहना है कि उनके खेत तक जाने के लिए रास्ता नहीं था। उन्होंने रास्ता देने की बात कही तो दिलीप सिंह, गब्बर और उनके साथियों ने तलवार और लाठियों से हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार, बीच-बचाव करने आई अनार देवी और रोहिणी देवी भी हमले में घायल हो गईं।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और घायलों के बयान लिए जा रहे हैं।