सिरोही में खंडेलवाल समाज का पंचम दीपावली स्नेह मिलन धूमधाम से संपन्न

0

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं ने मोहा मन
सिरोही। खंडेलवाल सेवा संघ, सिरोही की ओर से आयोजित पंचम दीपावली स्नेह मिलन समारोह उमंग, उत्साह और पारिवारिक आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में सिरोही शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे समाजबंधुओं, महिलाओं, युवाओं, बच्चों और वरिष्ठजनों ने भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं और सामूहिक स्नेह भोज ने आयोजन को यादगार बना दिया। पूरे कार्यक्रम में सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और भाईचारे की झलक देखने को मिली।

सेवा संघ के लोकेश खंडेलवाल के अनुसार गुरुवार देर शाम समारोह का शुभारंभ खंडेलवाल समाज महासंघ के अध्यक्ष भगवती प्रसाद नाटाणी, जीवराज कायथवाल, पुरुषोत्तम खूंटेटा, नटवर कुलवाल और राजू कालंद्री सहित समाज के गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उपस्थित समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और समाज की एकजुटता, प्रगति तथा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेलों में दिखी प्रतिभा

समारोह का प्रमुख आकर्षण महिलाओं, बच्चों और युवाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा। वहीं अलग-अलग आयु वर्गों के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

आयोजकों के अनुसार इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज के सभी आयु वर्गों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना और बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना था। महिलाओं और वरिष्ठजनों की भागीदारी ने भी समारोह को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

सहयोगी परिवारों का स्मृति चिह्न देकर किया सम्मान

कार्यक्रम में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग देने वाले भामाशाहों, सहयोगी परिवारों और लाभार्थियों का स्वागत एवं बहुमान किया गया। उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर उनके योगदान के प्रति आभार जताया गया। भोजन, नाश्ता, आयोजन स्थल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार, टेंट-सजावट, फोटोग्राफी, डिजिटल प्रसारण और प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में समाज के परिवारों ने आर्थिक एवं अन्य सहयोग दिया।

सम्मानित सहयोगकर्ताओं में सूरजदेवी गोविंद बडेरा, सरस्वतीदेवी नारायणलाल नाटाणी परिवार, जगदीश कुमार हजारीमल मेहरवाल परिवार, मगूदेवी मांगीलाल नाटाणी परिवार, भगवती देवी अचलचंद खुटेटा परिवार, देवीबाई मोहनलाल खूंटेटा परिवार, पुष्पादेवी सोहनराज कूलवाल परिवार, ठाकुरजी खंडेलवाल महिला भजन मंडली, दीवादेवी राजमल नाटाणी परिवार और कुंदनमल भूराजी परिवार सहित अन्य सहयोगकर्ता शामिल रहे।

आयोजन समिति के सदस्यों ने संभाली व्यवस्थाएं

समारोह को व्यवस्थित और सफल बनाने में खंडेलवाल सेवा संघ की प्रबंध समिति एवं आयोजन प्रबंधन टीम की अहम भूमिका रही। सदस्यों ने स्वागत, पंजीयन, मंच संचालन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेल प्रतियोगिताओं, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं का समन्वय के साथ संचालन किया।

प्रबंध समिति के संयोजक ओमप्रकाश मेहरवाल के साथ लोकेश खंडेलवाल, चंद्रकांत खंडेलवाल, सतीश खंडेलवाल, रोशन खंडेलवाल, इंद्रमल खंडेलवाल, गोपीकिशन खंडेलवाल, हरीश खंडेलवाल, दीपक खंडेलवाल, राहुल खंडेलवाल, हितेश खंडेलवाल, दिनेश खंडेलवाल, जितेंद्र खंडेलवाल, प्रेमप्रकाश खंडेलवाल, धीरज खंडेलवाल, दीपकुल खंडेलवाल, जितेश खंडेलवाल एवं भावेश खंडेलवाल सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।

समापन पर सेवा संघ की ओर से समारोह में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी समाजबंधुओं, भामाशाह परिवारों, अतिथियों, प्रतिभागियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के सामाजिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज में प्रेम, भाईचारे, सहयोग और संगठन की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।