इंदौर निगम राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ विवाद में दो महिला पार्षदों पर एफआईआर

0

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर नगर निगम के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने कांग्रेस की दो महिला पार्षदों रूबीना इकबाल खान और फौजिया शेख अलीम के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इंदौर के एमजी रोड थाना पुलिस ने जांच के बाद यह कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार भाजपा पार्षदों की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की गई। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) के तहत दोनों पार्षदों पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने और सद्भाव बिगाड़ने का केस दर्ज किया गया है। यह इस विवाद में दर्ज पहली एफआईआर बताई जा रही है।

जांच के दौरान दोनों पार्षदों को थाने बुलाकर विस्तृत पूछताछ की गई। एसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक सोमवार को फौजिया शेख अलीम और मंगलवार को रूबीना इकबाल खान के बयान दर्ज किए गए। करीब साढ़े चार घंटे चली पूछताछ में दोनों से घटना से जुड़े सवाल पूछे गए।

पूछताछ में रूबीना इकबाल खान ने अपने आपत्तिजनक बयान पर माफी मांगते हुए कहा कि धार्मिक मान्यताओं के कारण वह ‘वंदे मातरम्’ नहीं गाती हैं और इस संबंध में उन्हें स्वतंत्रता प्राप्त है। वहीं फौजिया शेख अलीम ने संविधान के तहत धार्मिक स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी का हवाला देते हुए कहा कि किसी को भी जबरन गीत गाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम के बजट सत्र के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखा विवाद हो गया था। इस दौरान नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से माहौल गरमा गया था।