नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक जर्जर पांच मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान में करीब 30 लोगों के रहने की जानकारी सामने आई है। आशंका है कि कुछ लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। राहत की बात यह है कि अब तक 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
ईदगाह के पास हुआ हादसा, मौके पर पहुंचीं बचाव टीमें
हादसा सीमापुरी ईदगाह के पास हुआ। करीब 25 गज के भूखंड पर बने इस मकान में ज्यादातर किरायेदार रहते थे। मकान गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल विभाग, पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद मलबा हटाने और उसमें फंसे लोगों की तलाश का अभियान शुरू किया गया।
दमकल विभाग के मुताबिक, मकान गिरने की सूचना दोपहर करीब 3:32 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं।
तीन साल के बच्चे समेत 10 लोग निकाले गए
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें तीन साल का बच्चा, मकान मालिक की पत्नी और कई किरायेदार शामिल बताए जा रहे हैं। बाहर निकाले गए लोगों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
एनडीआरएफ और अन्य बचाव दल मलबे को सावधानी से हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी और लोग दबे हो सकते हैं।
बिना पिलर के बना था मकान, हाल में बढ़ाई गई थीं मंजिलें
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान गली के भीतर बना हुआ था और इसका आकार एल-आकार का था। बताया जा रहा है कि भवन में पिलर नहीं थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब डेढ़ साल पहले मकान में चौथी और पांचवीं मंजिल का निर्माण कराया गया था।
मकान में हादसे के समय बड़ी संख्या में लोगों के मौजूद होने की वजह से बचाव अभियान को बेहद सावधानी से चलाया जा रहा है। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर स्थिति की निगरानी कर रही हैं और मलबे के नीचे किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की संभावना को देखते हुए तलाशी अभियान लगातार जारी है।



