लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में रविवार देर रात एक तेज़ रफ़्तार कार के डिवाइडर से टकराने से पांच लोगों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लुधियाना के लाधोवाल टोल प्लाज़ा के पास हुआ यह हादसा इतना भयानक था कि सभी पांचों शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। शवों को सिविल अस्पताल लाया गया। मरने वालों में दो नाबालिग लड़कियां और तीन लड़के थे।
जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक मंजीत सिंह ने सोमवार को कहा कि पहली नज़र में, दुर्घटना के समय पीड़ितों की गाड़ी की रफ़्तार बहुत अधिक थी। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक पांचों दोस्त वीकेंड पर जगरांव शहर से लुधियाना शहर आए थे। मृतकों में से तीन की पहचान सिमरनजीत, सतपाल और वीरू के तौर पर हुई है, जो सभी जगरांव शहर के रहने वाले थे।
जानकारी के मुताबिक कार साउथ सिटी से लाधोवाल जा रही थी। कार की तेज़ रफ़्तार होने के कारण, चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और वह एक डिवाइडर से टकराकर पलट गई, और काफी दूर तक घिसटती चली गई।
लाडोवाल पुलिस थाना से सहायक उप निरीक्षक कश्मीर सिंह मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस को सूचना दी। शवों को कार से निकालकर सिविल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि मृतकों के परिवार से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



