जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से अपहृत युवक की बरामदगी के लिए हरियाणा गई पुलिस टीम मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें दो उपनिरीक्षकों समेत चार पुलिसकर्मियों और मुकदमे के वादी की मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली उरई में दर्ज अपहरण के एक मामले में अपहृत युवक बिजेंद्र सिंह की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम हरियाणा रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि टीम की गाड़ी हरियाणा के नूंह जनपद के तावडू सदर थाना क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल), आरक्षी अशोक कुमार तथा मुकदमे के वादी अमरीक सिंह निवासी संगरूर (पंजाब) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
तावडू सदर थाना प्रभारी शीशराम ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि शवों को वाहन से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही जालौन पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई और अधिकारियों ने दिवंगतों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।



