अलवर में बस की चपेट में आने से एक ही परिवार के 5 लोग घायल

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में समेल गांव के समीप सोमवार शाम बस की चपेट में आने से जुगाड़ रिक्शा में सवार गाड़िया लोहार परिवार के पांच लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चार घायलों को उपचार के लिए अलवर के सामान्य चिकित्सालय भेजा गया, जबकि एक घायल का मालाखेड़ा अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मालाखेड़ा के खेड़ला गांव निवासी सोनू अपने परिवार के सदस्य पिंकी, करण, अर्जुन और देविका के साथ जुगाड़ रिक्शा से कबाड़ा लेने राजगढ़ जा रहा था। इसी दौरान समेल गांव के पास तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने जुगाड़ रिक्शा को टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि टक्कर से रिक्शा पलट गया और उसमें सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवक का शव मिला

अलवर जिले के जीआरपी थाना क्षेत्र में मथुरा रेलवे लाइन पर सोमवार रात माल गोदाम के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की मौत अलवर-मथुरा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से हुई। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने युवक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव की शिनाख्त का प्रयास किए लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। सूत्रोंं ने बताया कि पुलिस ने शव अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल पहुंचा दिया।