राजस्थान में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नष्ट की सैकड़ों किलो खराब खाद्य सामग्री

0

जयपुर। राजस्थान में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा प्रदेश भर में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इसके तहत जयपुर जिले के बस्सी में 125 किलो मिल्क केक, अजमेर में 500 किलो मिठाइयां, सीकर में 414 किलो खराब खाद्य सामग्री नष्ट की गई और पाली में 600 लीटर घी जब्त किया गया है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि प्रदेश में संचालित शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत गुरुवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा प्रदेशभर में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। त्योहारी सीजन को देखते हुए दूध, मावा, मिठाई, पनीर, घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों की विशेष निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

जयपुर के बस्सी क्षेत्र में तुंगा रोड स्थित मैसर्स शर्मा मिष्ठान भंडार पर कार्रवाई के दौरान करीब 125 किलो संदिग्ध मिल्क केक मौके पर नष्ट कराया गया। यह मिल्क केक अलवर से 180 रुपए प्रति किलो की दर से लाया गया था और दुकान पर 360 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जा रहा था। मौके पर 60 पैकेट यानी तीन कार्टन में रखे उत्पाद को जब्त कर नष्ट कराया गया तथा नमूने जांच के लिए लिए गए।

इसके अतिरिक्त मैसर्स श्री अम्बे जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक तथा मैसर्स लाल जी जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, मावा बर्फी एवं गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। टीम ने संबंधित दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री ढककर रखने, फूड कलर का सीमित उपयोग करने तथा गुणवत्तापूर्ण मावा इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

अजमेर जिले में केंद्रीय दल ने मैसर्स जेएमडी फूड प्रोडक्ट्स का निरीक्षण किया। यहां पैक्ड मिठाइयों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं उपयोग तिथि अंकित नहीं पाई गई। कार्रवाई के दौरान करीब 500 किलो मिल्क केक एवं डोडा बर्फी को निगम के डंपिंग यार्ड में नष्ट कराया गया तथा नमूने जांच के लिए लिए गए।

इसके अलावा मैसर्स बद्रीनारायण प्रा.लि. से माखन बड़ा एवं सोहन हलवा तथा मैसर्स गुरुकृपा फूड्स से घी एवं मिल्क केक के नमूने लिए गए। कमियों के आधार पर संबंधित फर्मों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे।

सीकर जिले में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने श्री श्याम बीकाणा नमकीन निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। मौके पर गंभीर गंदगी एवं अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 272 किलो सोन पापड़ी, 116 किलो चना दाल एवं 25 किलो भुजिया सीज की गई वहीं 204 किलो बदबूदार नमकीन एवं 210 किलो खराब पामोलिन ऑयल नष्ट कराया गया।

पाली जिले में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा श्री ज्योति सरस का करीब 600 लीटर घी जब्त किया गया। संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप स्थिति के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।