जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर स्थित नाहरगढ़ अभयारण्य में कार्रवाई करते हुए वन विभाग के दो कर्मचारियों को कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में काला महादेव वन चौकी के वनपाल श्याम सिंह और वनरक्षक शिव किशोर शामिल हैं। एसीबी के अनुसार, दोनों ने एक शूटिंग कार्य से जुड़ी सिक्योरिटी राशि वापस दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के मुताबिक, स्पेशल यूनिट-द्वितीय जयपुर को एक परिवादी ने शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मावठा, आमेर में किए गए शूटिंग कार्य से संबंधित सिक्योरिटी राशि लौटाने की प्रक्रिया में वनपाल श्याम सिंह और वनरक्षक शिव किशोर द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान वनपाल श्याम सिंह को 20 हजार रुपये और वनरक्षक शिव किशोर को 30 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया। दोनों से कुल 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि बरामद की गई।
एसीबी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। ब्यूरो की ओर से आरोपियों से पूछताछ के साथ ही रिश्वत की मांग और लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, ट्रैप कार्रवाई के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि सिक्योरिटी राशि लौटाने की प्रक्रिया में आरोपियों की क्या भूमिका थी और रिश्वत की मांग से जुड़े अन्य तथ्य क्या हैं।



