पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेजा

1

पटना। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के पुत्र और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के नेता तेज प्रताप यादव को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में बेउर केंद्रीय कारागार भेज दिया गया है।

यादव की अधिवक्ता निशा सिंह ने बताया कि पुलिस ने शनिवार देर शाम राज्य की राजधानी स्थित एक शॉपिंग मॉल से यादव को हिरासत में लिया और उन्हें नौबतपुर थाना ले गई। बाद में देर रात उन्हें अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी (एसडीजेएम) आरती उपाध्याय की अदालत में पेश किया गया।

अधिवक्ता सुश्री सिंह ने बताया कि अदालत ने तेज प्रताप यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद उन्हें बेउर केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।

सिंह ने कहा कि जेजेडी नेता तेज प्रताप यादव को हत्या के प्रयास के आरोप वाले मामले में जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को दिन में बिहार बंद के दौरान गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक से गुजरते समय आंदोलनरत छात्रों के आग्रह पर तेज प्रताप यादव कुछ समय के लिए वहां रुके थे। उनके अनुसार एसडीपीओ ने उनसे भीड़ से हटने का अनुरोध किया और उन्हें वहां से सुरक्षित बाहर ले गए।

अधिवक्ता निशा सिंह ने कहा कि इसके बाद शनिवार शाम लगभग 7 बजे पुलिस ने अचानक सिटी सेंटर मॉल से यादव को हिरासत में ले लिया गया। यादव के एक अन्य अधिवक्ता जगन्नाथ सिंह ने बताया कि 25 जुलाई की शाम 7:30 बजे सिटी सेंटर मॉल से उनकी गिरफ्तारी की गई, जिसकी पुष्टि मॉल के सीसीटीवी फुटेज से भी होती है।

अधिवक्ता जगन्नाथ सिंह ने कहा कि यादव की गिरफ्तारी के मामले में अदालत में कहा कि वह उस रात 10:30 बजे नौबतपुर थाना पहुचे और एसपी और एएसपी से पूछा कि यादव को किस आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यादव के परिवार के लोगों को भी यह जानकारी नहीं थी कि उन्हें शाम 7:30 बजे हिरासत में लिया गया है। बाद में पुलिस ने कहा कि प्राथमिकी गांधी मैदान थाने से आ रही है और उसे आने में लगभग एक घंटा लगा। अधिवक्ता ने कहा कि उन्हें एफआईआर की प्रति भी उपलब्ध नहीं कराई गई।

अधिवक्ता सिंह ने यह भी कहा कि तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) का आरोप जोड़ा गया। इस बीच पुलिस का कहना है कि तेज प्रताप यादव को वर्ष 2021 में कोतवाली थाना में दर्ज एक पुराने मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।