धौलपुर में घर में घुसकर महिला से लूटपाट करने के 4 आरोपी अरेस्ट

0

धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में दुर्गा कॉलोनी में पुत्र का रिश्ता करने के बहाने घर में घुसकर डकैती करने की वारदात के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से कुछ नकदी एवं हथियारों के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बन्टी मुसलमान (38), तेज सिंह निषाद (24), गुड्डू ठाकुर (35) और रंजीता यादव (29) के रूप में हुई है। सभी आरोपी आगरा के हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपी 28 जुलाई को 60 वर्षीया सायरा खातून के पुत्र का वैवाहिक संबंध करने के बहाने उसके घर मे घुसे और हथियार की नोक पर मारपीट करते हुए डेढ़ लाख रुपए नगद, सोने- चांदी के जेवरात, तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक एवं अन्य कागजात लूटकर ले गए थे। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त एक अवैध देशी पिस्तौल 12 बोर और दो कारतूस 12 बोर भी जब्त किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़िता सायरा खातून ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित अपनी करीब एक करोड़ रुपए मूल्य की जमीन बेची थी। जमीन की बिक्री से मिली रकम उनके पास होने की जानकारी आरोपियों तक पहुंच गई थी। इसी सूचना के आधार पर बदमाश 28 जुलाई को धौलपुर पहुंचे। घर की रेकी की और रात में सुनियोजित तरीके से डकैती की वारदात को अंजाम दिया।

एसपी सांगवान ने बताया कि आरोपियों ने लोगों का शक दूर करने के लिए वारदात में एक महिला और एक बच्चे का इस्तेमाल किया। आरोपी महिला रंजीता यादव को बुर्का पहनाकर एक बच्चे के साथ घर भेजा गया। इससे पीड़िता को किसी प्रकार का संदेह न हो और वह दरवाजा खोल दे। इसी योजना का फायदा उठाकर बदमाश घर के अंदर प्रवेश करने में सफल रहे।