ओंगोल। आंध्र प्रदेश के मार्कापुर जिला में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा कंभम कस्बा के बाहरी क्षेत्र में अमरावती–अनंतपुर राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़े एक ऑटो-रिक्शा को लॉरी ने पीछे से टक्कर मार दी।
पुलिस सर्किल निरीक्षक मल्लिकार्जुन ने बताया कि ऑटो में सवार 11 लोग विवाह समारोह में शामिल होने के लिए कंभम जा रहे थे। इसी दौरान अमरावती–अनंतपुर राजमार्ग पर विनायक मंदिर के सामने ऑटो सड़क किनारे रुका हुआ था, तभी नारियल से लदे एक तेज रफ्तार लॉरी ने ऑटो को टक्कर मार दी।जिससे आवुला अलकनंदा (19), आवुला अंकालू (20), आवुला नागेश (17) और आवुला नागेश्वरी (2) की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतक और सभी घायल गिद्दलूर कस्बे के निवासी हैं। इस हादसे में दुल्हन वीरक्का समेत चार लोग घायल हो गए, जिन्हें जीजीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनमें से दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है। क्षेत्रीय पुलिस निरीक्षक ने बताया कि लॉरी चालक की लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चलाने के कारण यह दुर्घटना हुई। दुर्घटना के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया।
परिवहन विभाग के मंत्री एम रामप्रसाद रेड्डी ने विवाह समारोह के चार लोगों की मौत पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया। मंत्री ने शोक जताते हुए कहा कि शादी से कुछ घंटे पहले परिवार में इतनी बड़ी त्रासदी होना दिल दहला देने वाला है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनायें व्यक्त कीं और उन्हें हर आवश्यक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।



