TTD कमांड कंट्रोल टीम ने कुछ घंटों में खोज निकाले श्रद्धालु के खोए 60 ग्राम सोने के आभूषण

0

तिरुमला। आंध्रप्रदेश में स्थित तिरूपति मंदिर में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के कमांड कंट्रोल दल ने एक श्रद्धालु के खोए हुए 60 ग्राम सोने के आभूषण कुछ ही घंटों के भीतर बरामद कर उन्हें सौंप दिए। सीसीटीवी फुटेज और सुरक्षा कर्मियों के समन्वित प्रयासों से यह संभव हुआ। इस कार्रवाई की श्रद्धालुओं ने सराहना की है।

टीटीडी की ओर से शनिवार को जारी जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के अन्नमय्या जिले के मदनपल्ले निवासी जी. महेश 27 नवंबर को तिरुमला स्थित सीआरओ कार्यालय बस स्टॉप पर कार से उतरते समय करीब 60 ग्राम सोने के आभूषण अनजाने में गिरा बैठे थे। कुछ देर बाद आभूषण गायब होने का पता चलने पर उन्होंने कमांड कंट्रोल टीम से संपर्क किया।

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी

शिकायत मिलते ही कमांड कंट्रोल कर्मियों ने संबंधित क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। रिकॉर्डिंग में दो लोगों को गिरे हुए आभूषण उठाते हुए देखा गया। फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान और उनकी तलाश की गई।

पहले व्यक्ति से दो सोने की चेन और एक ब्रेसलेट, जिनका कुल वजन करीब 52 ग्राम था, बरामद किए गए। दूसरे व्यक्ति के पास से लगभग आठ ग्राम का सोने का अंगूठा (अंगूठी) मिला। इस तरह सभी आभूषण सुरक्षित रूप से वापस प्राप्त कर लिए गए।

सुबह श्रद्धालु को लौटाए सभी आभूषण

टीटीडी के कमांड कंट्रोल और सुरक्षा कर्मियों ने समन्वय के साथ बरामद किए गए करीब 60 ग्राम सोने के आभूषण 28 नवंबर की सुबह जी. महेश को सौंप दिए। खोई हुई कीमती वस्तुएं वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जताई और अपने अनुभव को वीडियो फीडबैक के माध्यम से दर्ज कराया। टीटीडी के सतर्कता एवं सुरक्षा अधिकारियों और कमांड कंट्रोल टीम की इस कार्रवाई की सराहना की गई।