वानापर्थी। तेलंगाना के वानापर्थी जिले के एक गांव में मंगलवार रात एक ही परिवार के चार सदस्य मृत पाए गए।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार देवरा कद्र मंडल के डोकुर गांव के निवासी नरसिम्हा (40) ने सल्कलपुर में एक आम का बगीचा पट्टे पर लिया था और वह वहां अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त करने से पहले कथित तौर पर अपनी पत्नी हेमलता (36) और आठवीं और दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले अपने दो बच्चों साई निहाल और साई श्रीनि की हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि नरसिम्हा ने कथित तौर पर दोनों बच्चों को पानी के हौज में फेंक दिया और बाद में अपनी पत्नी को फांसी पर चढ़ा दिया। इसके बाद उन्होंने खुद बगीचे के पास एक पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक रूप से घटना के पीछे आर्थिक तंगी और बढ़ता कर्ज संभावित कारण माना जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।



