सीकर। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को सीकर जिले में उत्तर प्रदेश के अयोध्या पुलिस थाना (साइबर क्राइम) के उपनिरीक्षक सहित चार पुलिसकर्मियों को एक मामले में दो लाख 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
एसीबी के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि इस मामले में एसीबी इकाई सीकर द्वारा ट्रैप कार्यवाही करते हुए पुलिस थाना साइबर क्राइम, जनपद अयोध्या के उपनिरीक्षक यशवन्त सिंह, कांस्टेबल पवन त्रिपाठी, सोहनलाल, एवं गौरव चारग को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्ता ने बताया कि एसीबी को परिवादी शिकायत की थी कि उसके भाई के विरुद्ध पुलिस थाना अयोध्या में दर्ज मुकदमा में उसके भाई का नाम हटाने की एवज में इन पुलिसकर्मियों द्वारा चार लाख रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है।
इस पर गत 17 अगस्त को रिश्वत राशि मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी कांस्टेबल गौरव चारगद्वारा परिवादी से चार लाख रुपए की रिश्वत की मांग की गई तथा बातचीत के दौरान दो लाख 80 हजार रुपए में रिश्वत राशि लेना तय हुआ।
मांग की पुष्टि के बाद मंगलवार को एसीबी जयपुर के उपमहानिरीक्षक डॉ रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व एवं पुलिस निरीक्षक सुभाष मील मय टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान इन पुलिसकर्मियों में कांस्टेबल सोहनलाल द्वारा परिवादी से दो लाख 80 हजार रुपए रिश्वत राशि प्राप्त की गई। इस पर एसीबी टीम द्वारा चारों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।



