कपड़ा व्यापारी से 60 लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश

0

अलवर। राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बासदयाल थाना क्षेत्र में कराणा कस्बे में कपड़ा व्यापारी से 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार और एक नाबालिग को निरुद्ध किया है।

पुलिस सू्त्रों ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों ने व्यापारी को धमकी दी थी कि 60 लाख रुपए नहीं दिए गए तो उसकी दुकान पर गोलीबारी कर दी जाएगी। इसकी शिकायत व्यापारी ने पुलिस को की। पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर प्रकोष्ठ की मदद से उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कराणा मुख्य बाजार के कपड़ा व्यापारी विनय कुमार रावत ने 18 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी रामजीलाल के नेतृत्व में विशेष दल ने जांच के बाद आरोपियों की शिनाख्त कर ली और एक आरोपी नाबालिग को निरुद्ध किया गया, जिसके कब्जे से धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने 23 वर्षीय अशोक गुर्जर को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किया। रंगदारी मांगने की वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।