सिरोही। देवनगरी सिरोही में नवरात्र के रंग अब पूरी तरह चढ़ने लगे हैं। रामझरोखा मैदान में सजे मां जगदम्बा भवानी के दरबार में नवरात्र के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ गरबा पांडाल में देर रात तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
जगदंबे नवयुवक मंडल रामझरोखा की ओर से आयोजित 54वें नवरात्रि महोत्सव में चौथे दिन गरबा आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। गुलाबी ठंड के बीच गुजराती गरबा गीतों की स्वर लहरियों पर युवक-युवतियों और बच्चों ने जमकर गरबा रास किया। पारंपरिक गुजराती और राजस्थानी परिधानों में सजी महिलाएं और बालिकाएं जब गरबा पांडाल में उतरीं तो माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
मां के दरबार में श्रद्धा के साथ गरबा
गरबा आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने नृत्य के साथ मां जगदम्बा के प्रति अपनी आस्था भी प्रकट की। बड़ी संख्या में लोगों ने माता की विशाल प्रतिमा के समक्ष मत्था टेककर पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
देर रात तक चले आयोजन में उम्र की सीमाएं भी नजर नहीं आईं। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी गरबा पांडाल में उत्साह के साथ शामिल हुए। गुजराती-राजस्थानी मिश्रित भक्ति गीतों पर ताल से ताल मिलाते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
मंडल के संरक्षक लोकेश खण्डेलवाल ने बताया कि नवरात्र महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। जैसे-जैसे नवरात्र आगे बढ़ रहे हैं, रामझरोखा मैदान में गरबा आयोजन में भी श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ रही है।
महाअष्टमी पर 1008 दीपकों से होगी महाआरती
मंडल के मुख्य संरक्षक सुरेश सगरवंशी ने बताया कि महाअष्टमी के अवसर पर रामझरोखा मैदान में रात 9 बजे 1008 दीपकों से भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं को सूचना दी गई है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस दौरान नवनिर्वाचित पार्षद शारदादेवी माली, अरुणा मीणा और प्रवीण जटोलिया सहित समाजसेवी जगदीश माली, शांतिलाल माली और अर्जुन माली का स्वागत-सत्कार भी किया गया।




