मध्य प्रदेश के असद खान ने अपनाया सनातन, नया नाम अथर्व त्योगी

वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में मध्य प्रदेश के सागर से आए असद खान ने सोमवार को गंगा की गोद में नाव पर सनातन धर्म अपनाते हुए स्वयं को अथर्व त्यागी नाम दिया। ब्राह्मणों द्वारा असद खान का शुद्धीकरण किया गया और उसका नाम अथर्व त्यागी रखा गया।

हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि यह आयोजन अस्सी घाट के सामने गंगा में किया गया। अथर्व के परिजनों ने बहुत पहले दबाव में दूसरे धर्म को अपनाया था। उसकी बहुत दिनों से इच्छा थी कि वो सनातन धर्म को अपनाए।

अथर्व ने सोशल मीडिया के माध्यम से काशी के ब्राह्मणों और हनुमान सेना से संपर्क किया और घर वापसी कराने के लिए पूजन की बातचीत की थी। पूजन कराने वाले आलोक योगी ने बताया कि पहले असद का शुद्धिकरण हुआ, उसके बाद पूजन के उपरांत घर वापसी कर उसका नामकरण किया गया। उसका नाम अथर्व त्यागी रखा गया।

अथर्व के अनुसार वह इंजीनियर है और मध्य प्रदेश का रहने वाला है। सागर जिले में उसका पूरा परिवार रहता है, जो अभी भी इस्लाम धर्म का पालन करता है। अथर्व ने बताया कि बचपन से ही वह मंदिरों में जाता था और पूजन-पाठ करता था, लेकिन बड़े होने के बाद नाम असद होने के कारण मंदिर में जाने में परेशानी होने लगी। अथर्व बजरंग बली के भक्त हैं। पूजन कराने में दिक्कत हो रही थी और इसी दौरान बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही घटनाओं से आहत होकर उन्होंने यह निर्णय लिया और अथर्व बनकर घर वापसी की।