भिवाड़ी में प्रेमिका की हत्या कर शव जंगली जानवरों की मांद के सामने फेंका

0

अलवर। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने रामपुरा की पहाड़ियों में मिले सड़ी-गली अज्ञात युवती के शव के मामले का ने सनसनीखेज खुलासा किया है।

पुलिस ने हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद सागर अली उर्फ शाहबाज खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवती मुस्कान की हत्या की थी। हत्या के बाद शव इस इरादे से जंगली जानवरों की मांद के सामने डाल दिया गया था कि जानवर उसे खा जाएं और पहचान एवं सबूत मिट जाए।

पुलिस के मुताबिक यह वारदात 22 जून 2026 की रात रामपुरा की पहाड़ियों में हुई थी। मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के करीब 40 जिलों में संदिग्धों से जुड़े करीब 325 संभावित ठिकानों पर निगरानी की। आरोपी का पीछा करते हुए पुलिस दल ने करीब सात हजार किलोमीटर का सफर तय किया।

आखिरकार आरोपी को बिहार के सहरसा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मुस्कान की मां गुड़िया खातून ने शिकायत दी थी कि उसकी बेटी जनवरी 2026 से शाहबाज खान के संपर्क में थी और सांथलका की जग्गू कॉलोनी में रह रही थी। उन्नीस जून 2026 से मुस्कान से संपर्क नहीं हो पा रहा था और उसका मोबाइल बंद आ रहा था। परिजनों ने सांथलका जाकर जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन शाहबाज ने मुस्कान के बारे में कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।

इसी बीच, फूलबाग थाना पुलिस से परिवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना मिली। शव सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी पहचान मुस्कान के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों ने हत्या का राज खोलने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने बताया कि वह नजदीकी लोगों के कुछ राज खोलकर आत्महत्या करने वाली थी। इसकी भनक लगने पर सागर अली ने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।