चित्तौड़गढ़ : छेड़छाड़ एवं ब्लैकमेलिंग की शिकायत पर लड़की के पिता के हाथ पैर तोड़े

0

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र में अपनी बेटी के साथ छेड़छाड एवं ब्लैकमेल करने की शिकायत से गुस्साए एक मनचले ने पीड़िता के पिता के हाथ पैर तोड़ दिए। इस घटना में एक नाबालिग लडकी भी घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि क्षेत्र के एक गांव की महिला ने स्थानीय अस्पताल से पुलिस में शिकायत की कि उसकी एक पुत्री के साथ किशनपुरा गांव का युवक दिलीप सेन छेड़छाड़ करने के अलावा लगातार उसे धमकाकर ब्लैकमेल भी कर रहा था। गत रात्रि उसके पति ने उसके घर जाकर युवक के परिजनों से अपने बेटे को समझा लेने को कहा।

पुलिस ने बताया कि इससे गुस्साया युवक आज अपने आधा दर्जन साथियों के साथ डंडे लेकर आया और उसके साथ गंभीर मारपीट की और हाथों पैरों की हड्डियां तोड़ दी। बीच बचाव में उसकी एक नाबालिग बेटी भी घायल हो गई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी दिलीप सेन एवं उसके साथियों की तलाश प्रारम्भ कर दी है।