गोवा में भाजपा पार्षद के बेटे की नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के बड़े मामले में गिरफ्तारी

0

पणजी। दक्षिण गोवा पुलिस ने कुरचोरम-काकोरा म्यूनिसिपल काउंसिल के स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पार्षद सुशांत नाइक के 20 वर्षीय बेटे सोहम नाइक को कुरचोरम (कुदचड़े) क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों के कथित यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार किया है।

पुलिस और प्रारंभिक जांच के अनुसार सोहम पर पिछले तीन वर्षों से कई नाबालिग लड़कियों से दोस्ती करने और उनसे शादी का झूठा वादा करके यौन शोषण करने का आरोप है। उसने कथित तौर पर इन घटनाओं को वीडियो में रिकॉर्ड किया और इसके क्लिप्स अपने दोस्तों के साथ शेयर किए तथा सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िताओं को ब्लैकमेल किया।

मामला तब सामने आया जब सोहम ने एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान अपने परिचितों को ये वीडियो दिखाए, जिससे जानकारी पूरे इलाके में फैल गई। सैकड़ों नाराज स्थानीय लोगों ने कुरचोरम पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया और त्वरित कार्रवाई की मांग की।

जन आक्रोश के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज की और आरोपी को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अब तक कम से कम 2 से 4 नाबालिग लड़कियां आगे आकर अपना बयान दर्ज करा चुकी हैं। कुल पीड़िताओं की संख्या 20 से 30 तक हो सकती है।

पुलिस ने इस मामले को पॉक्सो एक्ट, गोवा चिल्ड्रेंस एक्ट, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (अश्लील सामग्री शेयर करने के लिए) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता और विभिन्न क्षेत्रों में पीड़िताओं की संभावना को देखते हुए जांच को गोवा क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के मदेगल-काकोरा स्थित आवास पर छानबीन की और मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री बरामद की है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मामले पर संज्ञान लिया है, जबकि गोवा स्टेट कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स ने भी रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने अन्य संभावित पीड़िताओं या उनके परिवारों से आगे आने की अपील की है और कानून के अनुसार पूर्ण गोपनीयता तथा सुरक्षा का आश्वासन दिया है। आरोपी के पिता ने मामले पर अभी तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। स्थानीय निवासी निष्पक्ष और गहन जांच कर न्याय सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।