हरदोई में गेस्ट हाउस संचालक की बेरहमी से हत्या

5

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में आपराधिक घटनाओं की बढ़ती कड़ी के बीच गुरुवार को एक और जघन्य हत्या की वारदात सामने आई है। लोनार थाना क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस संचालक की धारदार हथियार से हमला कर तथा लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का शव जंगल में नदी किनारे पड़ा मिला। बीते 12 घंटे में यह जिले की दूसरी हत्या की घटना है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोनार थाना क्षेत्र के पुरौरी गांव निवासी 42 वर्षीय अनिल कुमार भदौरिया उर्फ निशू सिंह बाजपुर नकटौरा पुलिया चौराहा पर एक गेस्ट हाउस का संचालन करते थे। परिजनों के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह बाइक से गेस्ट हाउस से निकले थे। उनके पास कुछ नकदी और गले में सोने की चेन थी। दोपहर बाद जब परिजनों ने संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला।

शाम करीब चार बजे परिजनों को सूचना मिली कि अनिल कुमार का शव लोनार थाना क्षेत्र में राजबहादुर इंटर कॉलेज के पास सुखेता नदी किनारे जंगल में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि हमलावरों ने धारदार हथियार से वार करने के साथ ही लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या की है। मृतक की बाइक, नकदी और सोने की चेन मौके से गायब पाई गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और लोनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिजनों ने पांच लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस के अनुसार मृतक के जुआ खेलने की लत होने की बात सामने आई है और आशंका है कि किसी विवाद के दौरान उसकी हत्या की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

गौरतलब है कि हरदोई जिले में बीते तीन दिनों में हत्या की चार घटनाएं और एक डकैती की वारदात हो चुकी है। गुरुवार सुबह एक महिला की खेत में हत्या के बाद शाम को हुई इस दूसरी हत्या ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।