मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मां अंबा की पूजा-अर्चना कर की प्रार्थना

आबूरोड/गांधीनगर। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को आदिशक्ति धाम अंबाजी में जगतजननी मां अंबा के दर्शन किए और राज्य की शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

पटेल भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अंतर्गत आयोजित जनजातीय गौरव यात्रा का शुभारंभ करने के लिए अंबाजी पहुंचे थे। यात्रा से पूर्व उन्होंने अंबाजी मंदिर में भावपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी और राज्य मंत्री प्रवीणभाई माजी सहित कई अग्रणी और अधिकारी भी मौजूद रहे।

इससे पहले पटेल शुक्रवार को आबूरोड पहुंचे। चार्टर प्लेन से मानपुर हवाई पटटी पहुंचने पर आला प्रशासनिक अधिकारियों व भाजपा जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। हैलीपेड पर वह भाजपा कार्यकर्ताओं से मुखातिब हुए। इसके बाद सडक़ मार्ग से अंबाजी के लिए रवाना हो गए।

गुजरात के सीएम पटेल का मानपुर हवाई पटटी पर पूर्व विधायक जगसीराम कोली, कलक्टर अल्पा चौधरी, एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद पटेल कतार में लगे भाजपा पार्षदों, पदाधिकारियों से रुबरु हुए। जनप्रतिनिधियों ने उनका अभिनंदन किया।

तलहटी से एनएच 27 से होकर अंबाजी पहुंचे पटेल ने मां अंबे के दर्शन किए। उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। शाम को वापस सडक़ मार्ग से मानपुर हवाई पटटी पहुंचे। जहां से उन्होंने चार्टर प्लेन से गुजरात के अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी।

मंडल अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

गुजरात के सीएम के आने के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधियों को अगवानी के लिए जाने से रोक दिया। हैलीपेड पर लाइन लगाने को कहा गया। इस पर मंडल अध्यक्ष ने रोष का इजहार किया। अधिकारियों से धक्का मुक्की करने पर कड़ी नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने समझाइश कर मामला शांत करवाया।